
रांची: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची ने 21 जून को यात्रियों की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों पर रोक और मानवता से जुड़े कार्यों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। आरपीएफ ने विभिन्न अभियानों के तहत टिकट दलाल की गिरफ्तारी, चोरी गए सामान की बरामदगी, एक नाबालिग बालिका के रेस्क्यू और यात्री का खोया सामान लौटाने जैसी महत्वपूर्ण कार्रवाई की। आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान उपलब्ध के तहत रांची रेलवे स्टेशन के पीआरएस बुकिंग काउंटर पर छापेमारी कर एक अवैध रेलवे टिकट दलाल को गिरफ्तार किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक रंजीत कुमार और उनकी टीम ने जांच के दौरान कृष्ण कुमार को तत्काल टिकट खरीदते हुए पकड़ा। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह जरूरतमंद यात्रियों को अतिरिक्त धनराशि लेकर तत्काल टिकट उपलब्ध कराता था। उसके कब्जे से रांची से जम्मूतवी का तत्काल टिकट और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी ने प्रति टिकट 200 रुपये अतिरिक्त तथा शराब की बोतल के बदले टिकट उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की।
वहीं रेल यात्री सुरक्षा अभियान के तहत आरपीएफ ने चोरी गए यात्री के सामान सहित आरोपी को दबोच लिया। ट्रेन संख्या 18636 में यात्रा कर रहे मोहित कुमार का सफेद रंग का बैग चोरी हो गया था। शिकायत मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति बैग के साथ स्टेशन से उतरता दिखाई दिया। निगरानी के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर सुबोध कुमार चतरा को हिरासत में लिया गया। उसके पास से 5,000 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, सूखे मेवे और अन्य सामान बरामद हुआ। बाद में शिकायतकर्ता ने बरामद सामान की पहचान की। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया।
नन्हे फरिश्ते अभियान के तहत आरपीएफ ने रांची स्टेशन पर भटक रही 15 वर्षीय सरस्वती कुमारी को संरक्षण प्रदान किया। जमुई की रहने वाली यह बालिका रोजगार की तलाश में बिना परिवार को बताए चेन्नई जाने निकली थी। आरपीएफ ने उसे सुरक्षित रूप से चाइल्डलाइन रांची को सौंप दिया। इसके अलावा रेल मदद के माध्यम से प्राप्त शिकायत पर स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में छूटा लगभग 25 हजार रुपये मूल्य का बैग भी आरपीएफ ने बरामद कर स्वीटी ब्यूटी को सुरक्षित लौटा दिया। यात्री ने आरपीएफ की तत्परता और समर्पण की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

