रूस ने शुरू किया यूक्रेनी शहरों पर कब्जा, बर्दियांस्क व खेरसॉन पर लहराया रूसी झंडा

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कीव: किसी अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे न झुकते हुए यूक्रेन पर रूस का ताबड़तोड़ हमला जारी है।

अब रूस ने यूक्रेन के शहरों पर कब्जे करने शुरू कर दिये हैं। बंदरगाह शहर बर्दियांस्क के बाद अब खेरसॉन शहर पर भी रूस ने अपना झंडा लहरा दिया है।

यूक्रेन पर हमले के सातवें दिन रूस ने खेरसॉन शहर पर कब्जे का एलान किया। इससे पहले रूसी सेना बंदरगाह शहर बर्दियांस्क पर कब्जे का एलान कर चुकी है। बर्दियांस्क आजोव सागर पर क्रीमिया के उत्तर-पश्चिम में स्थित है।

बर्दियांस्क के बाद रूसी सेना ने जिस खेरसॉन शहर पर कब्जा किया है, क्रीमिया प्रायद्वीप के उत्तर में स्थित इस शहर की आबादी 2.8 लाख है।

क्रीमिया पर 2014 में रूस ने कब्जा कर लिया था। रूस ने रविवार को ही खेरसॉन शहर को घेरने की बात कह दी थी।

खेरसॉन के मेयर इगोर कोलयखायेव ने कहा कि रूसी सेना ने रेलवे स्टेशन और खेरसॉन नदी के बंदरगाह पर कब्जा कर लिया है।

रूस के सैनिकों की शहर के सेंट्रल स्क्वायर पर मौजूदगी और रात के समय शहर की प्रमुख इमारत के पास हुई लड़ाई की पुष्टि भी हो गई है।

खेरसॉन की सड़कों पर भारी संख्या में रूसी टैंक घूम रहे हैं और स्थानीय नागरिक डरे हुए हैं। मेयर ने कहा कि वे अपने शहर के लोगों के जीवन और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लेते हैं।

उन्होंने लोगों से घर छोड़कर बाहर नहीं जाने को कहा। उन्होंने कहा कि हमारे लिए लोगों का जीवन सर्वाधिक मूल्यवान है। यह एक यद्ध है और खेरसॉन कभी यूक्रेन का साथ नहीं छोड़ेगा।

Share This Article