नई दिल्ली : गाजियाबाद के संजय नगर में रहने वाले सैय्यद अली की बेटी सबा हैदर ने अमेरिका के इलिनोइस राज्य के 84वें डिस्ट्रिक्ट से स्टेट रिप्रेजेंटेटिव का चुनाव जीतकर देश का नाम रोशन किया है। सबा को लगभग 72 फीसदी वोट मिले हैं। उन्होंने अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी ब्रायन स्कूबो को बड़े अंतर से पराजित किया। इस जीत के बाद वह इलिनॉय जनरल असेंबली में पहली दक्षिण एशियाई अप्रवासी महिला बन गई हैं। इससे पहले उन्होंने मार्च में हुए डेमोक्रेटिक नामांकन में 63 फीसदी से अधिक वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। सबा हैदर लगभग 20 साल से अमेरिका में रह रही हैं। उन्होंने गाजियाबाद के होली चाइल्ड स्कूल से इंटर करने के बाद यहीं से ग्रेजुएशन कर गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके बाद अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से वाइल्ड लाइफ सेंसस में गोल्ड मेडल के साथ एमएससी पूरी की। सबा के पति वर्ल्ड बैंक में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। दोनों के एक बेटा और एक बेटी है।

सबा के छोटे भाई हैं सपा नेता
सबा हैदर के छोटे भाई अब्बास हैदर सपा नेता हैं। उनके छोटे भाई जीशान हैदर दुबई में उद्योगपति हैं। उनके पिता उत्तर प्रदेश जल निगम से रिटायर्ड इंजीनियर हैं और मां अपना निजी स्कूल संचालित करती हैं। परिणामों की घोषणा के बाद से ही गाजियाबाद स्थित उनके पैतृक निवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिजनों और शुभचिंतकों ने मिठाइयां बांटकर खुशियां मनाईं।



