‘शिकारा’, ‘रक्षा बंधन’ और ‘द डिप्लोमैट’ जैसी फिल्मों में अपने प्रभावशाली अभिनय से पहचान बना चुकीं अभिनेत्री सादिया खतीब अब रोमांटिक एक्शन ड्रामा ‘सिला’ में मुख्य भूमिका निभाने जा रही हैं। कम समय में उन्होंने ऐसे किरदार निभाए हैं, जो भावनात्मक गहराई और अभिनय की चुनौती से भरपूर रहे हैं। अब वह एक बिल्कुल अलग अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं।

महत्वाकांक्षी फिल्म, करिअर का बड़ा पड़ाव
नेशनल अवॉर्ड विजेता निर्देशक ओमंग कुमार के निर्देशन में बन रही ‘सिला’ को सादिया के करिअर की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिना जा रहा है। फिल्म में उनके साथ अभिनेता हर्षवर्धन राणे मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। खास बात यह है कि फिल्म का शीर्षक सादिया के किरदार ‘सिला’ के नाम पर रखा गया है। अभिनेत्री का कहना है कि इस फिल्म ने उन्हें बतौर कलाकार काफी परिपक्व बनाया और कई नए अनुभव दिए।
खतरनाक शूटिंग, वियतनाम की डेंजर केव में फिल्मांकन
फिल्म की शूटिंग का सबसे रोमांचक हिस्सा वियतनाम की लेवल-6 डेंजर केव में हुआ, जिसे दुनिया की बेहद कठिन और दुर्गम गुफाओं में गिना जाता है। सादिया ने बताया कि इस चुनौतीपूर्ण लोकेशन पर शूटिंग करना उनके जीवन का यादगार अनुभव रहा। उनके मुताबिक, फिल्म में भले ही दमदार एक्शन और भव्य दृश्य आकर्षण का केंद्र हों, लेकिन इसकी असली जान एक गहरी और खूबसूरत प्रेम कहानी है, जो दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का काम करेगी।


