
रांची : बड़ी खबर झारखंड के साहेबगंज जिले से सामने आ रही है। जहां साहेबगंज कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में अफर-तफरी का माहौल बन गया है। ये धमकी ई-मेल के जरीए दी गई है। धमकी भरा ई-मेल मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। कुछ ही समय में पूरा परिसर छावनी में बदल गया। कोर्ट परिसर में मौजूद जज, अधिवक्ता और कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। सुरक्षा की दृष्टि से हर 5 फीट की दूरी पर जवानों की तैनाती की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को भी तुरंत बुलाया गया। टीमों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से कोर्ट परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की। संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए घंटों तक सर्च ऑपरेशन चला। हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी विस्फोटक या खतरनाक वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।
