रिलीज से पहले ही शाहरुख खान की ‘किंग’ ने मचाया धमाल! 665 करोड़ रुपये की कमाई की खबर से बढ़ी हलचल

Manu Shrivastava
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘किंग’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों में आ गई है. 2 नवंबर को अपने जन्मदिन के मौके पर शाहरुख ने फिल्म का पहला गाना जारी किया था. इसके साथ ही फिल्म के प्रमोशन की शुरुआत हो गई है. अब फिल्म के प्री-रिलीज बिजनेस को लेकर ऐसी खबर सामने आई है, जिसने फिल्म इंडस्ट्री में हलचल बढ़ा दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज से पहले ही करीब 665 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है.

‘पठान’ के बाद सिद्धार्थ आनंद के साथ फिर आई शाहरुख की जोड़ी

‘किंग’ का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं. इससे पहले शाहरुख और सिद्धार्थ की जोड़ी 2023 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पठान’ में नजर आई थी. उस फिल्म की सफलता के बाद दोनों के दोबारा साथ आने से ‘किंग’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं. फिल्म के प्रमोशन की शुरुआत भी शाहरुख के जन्मदिन के खास मौके पर की गई.

विदेशी और भारतीय डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स से बड़ी कमाई

पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स Phars Films ने कथित तौर पर 175 करोड़ रुपये के मिनिमम गारंटी अमाउंट पर खरीदे हैं. वहीं, फिल्म के भारतीय डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स Pen Marudhar को 250 करोड़ रुपये में बेचे जाने की जानकारी सामने आई है. ये आंकड़े हिंदी फिल्मों के प्री-रिलीज कारोबार के लिहाज से काफी बड़े माने जा रहे हैं.

नेटफ्लिक्स और म्यूजिक राइट्स से भी करोड़ों की कमाई

रिपोर्ट के अनुसार, नेटफ्लिक्स ने फिल्म के डिजिटल स्ट्रीमिंग राइट्स 150 करोड़ रुपये में खरीदे हैं. इसके अलावा सैटेलाइट राइट्स 25 करोड़ और म्यूजिक राइट्स 65 करोड़ रुपये में बेचे जाने की बात कही जा रही है. इन सभी आंकड़ों को जोड़ने पर फिल्म का प्री-रिलीज बिजनेस करीब 665 करोड़ रुपये बताया जा रहा है.

बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर भी निर्भर करेगा डिजिटल सौदा

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि नेटफ्लिक्स की डील में थिएट्रिकल परफॉर्मेंस से जुड़ी शर्त शामिल है. यानी फिल्म की बॉक्स ऑफिस कमाई के आधार पर डिजिटल राइट्स की रकम में बदलाव हो सकता है. हालांकि, फिल्म की वास्तविक कमाई और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन का पता रिलीज के बाद ही चलेगा.

Share This Article