रांची : सामाजिक संस्था शिवा फाउंडेशन की पहल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने, योग को जन-जन तक पहुंचाने एवं भारत को रोग-मुक्त रखने के उद्देश्य से रांची के मोराबादी स्थित ‘योगामृत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर हरिहर सिंह रोड’ में स्वर्गीय गौरी शंकर बंका की स्मृति में एक दिवसीय योग टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में रांची योगासना के नन्हे-मुन्ने और प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक संस्था शिवा फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बंका और समाजसेविका दीपा बंका उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, योगामृत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की निर्देशिका डॉ. संतोषी कुमारी, मुकेश नायक, अमित कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इस दौरान सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से अपने विचार रखते हुए कहा कि योग को बढ़ाना और जन-जन तक पहुँचाना हम सबका कर्तव्य है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों को बीमारियों से दूर रखने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग सबसे बड़ा माध्यम है। अतिथियों ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और युवा खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एक से बढ़कर एक कठिन और उत्कृष्ट योगासन प्रस्तुत किए। खिलाड़ियों ने हैंडस्टैंड, स्प्लिट, उष्ट्रासन, बकासन, पूर्ण राजकपोतासन, पूर्ण भुजंगासन, कर्णपीड़ासन, पूर्व चक्रासन, भू नमन आसन और मयूरासन समेत कई आसनों का प्रदर्शन कर दर्शकों को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया। खिलाड़ियों का अनुशासन और कला कौशल देखकर सभी ने उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की।
इस मौके पर प्रिया, प्रगति, रेनू, उपेंद्र, राकेश, भव्य, नेहा, मेनका, निशा, निखिल, राजकिशोर, श्रीवेंद्र, आकाश, रोहित, अर्चना, निवेदिता, वीरेंद्र और विनय तथा खिलाड़ी एवं उनके अभिभावकगण उपस्थित थे।



