बर्फबारी के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और कई सम्पर्क मार्ग बंद

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में बारिश व बर्फबारी के कारण कश्मीर घाटी को देश के दूसरे राज्यों से जोड़ने वाला एकमात्र 270 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर सड़क मार्ग और कई मुख्य एवं लिंक मार्ग बंद हो गए हैं।

ऐसा रामबन जिले के विभिन्न स्थानों पर हुए भूस्खलन के बाद करना पड़ा है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पिछले चार दिनों से बारिश और बर्फबारी हो रही है।

रामबन जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि जवाहर सुरंग के दोनों ओर शनिवार सुबह तक तीन फीट तक बर्फ जम चुकी है।

बनिहाल कस्बे के आसपास के इलाकों में भी करीब दो फीट तक बर्फ पड़ी है और भारी बर्फबारी का सिलसिला जारी है।

इसके अलावा बारिश के कारण रामबन और बनिहाल के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है और पहाड़ों से पत्थर गिर रहे हैं।

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शनिवार को भी जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए बंद रखा गया।

लगातार हो रही बारिश व बर्फबारी के कारण मार्ग को साफ करने में बीआरओ को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

राजमार्ग पर शनिवार को भी तीन हजार से अधिक वाहन फंसे हुए हैं। इसके अलावा पुंछ जिले के मेंढर इलाके में जरन वाली गली और बिम्बर गली (बीजी) के बीच भी भारी बर्फबारी हो रही है।

बर्फबारी के कारण जम्मू-पुंछ मार्ग को भी यातायात के लिए बंद रखा गया है। कांगा के पास भूस्खलन के कारण रामबन-गूल मार्ग भी बंद कर दिया गया है।

भूस्खलन होते ही बीआरओ ने मार्ग को साफ करने का कार्य शुरू कर दिया था लेकिन खराब मौसम मार्ग को साफ करने की राह में बाधा उत्पन्न कर रहा है।

ऐसे में यातायात विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले कंट्रोल रूम से ताजा जानकारी प्राप्त कर लें।

इन मार्गों के अलावा जम्मू संभाग के राजौरी-पुंछ जिलों को दक्षिण कश्मीर के शोपियां को जोड़ने वाला मुगल रोड, श्रीनगर-लेह राजमार्ग, अनंतनाग और किश्तवाड़ को जोड़ने वाला सिंथन टॉप मार्ग भी फिलहाल वाहनों की आवाजाही केे लिए बंद रखे गए हैं। इन मार्गों पर भी बर्फबारी जारी है।

Share This Article