बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या अपनी फिल्मों में परिवार, रिश्तों, प्यार और शादी जैसे विषयों को खास अंदाज में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्मों में भारतीय परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों की झलक देखने को मिलती है। लेकिन इस बार वह अपनी नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के जरिए एक ऐसे सवाल को सामने ला रहे हैं, जो समाज में लंबे समय से चर्चा का विषय रहा है। सवाल है कि शादी के बाद हमेशा लड़की ही अपना घर क्यों छोड़े? आयुष्मान खुराना और शरवरी स्टारर यह फिल्म इस पुरानी सोच को नए नजरिए से देखने की कोशिश करती है।

शरवरी का किरदार पुरानी हीरोइनों से अलग
फिल्म में शरवरी ने पूर्वा सोलंकी नाम की लड़की का किरदार निभाया है। वह अपने परिवार से बेहद जुड़ी हुई है और अपनी जिम्मेदारियों को समझती है। वह अपनी बात खुलकर रखती है और सिर्फ प्यार के लिए अपने परिवार को छोड़ने के लिए तैयार नहीं होती। सूरज बड़जात्या ने मिड-डे से बातचीत में बताया कि उन्होंने पहली बार अपनी फिल्म में इतनी स्पष्ट विचारों वाली महिला किरदार बनाया है। उनके मुताबिक, पूर्वा जानती है कि उसे जिंदगी में क्या चाहिए और वह अपने दिल की सुनने के साथ अपनी प्राथमिकताओं को भी महत्व देती है।

आयुष्मान खुराना का किरदार अपनाएगा अलग रास्ता
फिल्म में आयुष्मान खुराना प्रेम मिश्रा की भूमिका निभा रहे हैं, जिसे पूर्वा से प्यार हो जाता है। लेकिन पूर्वा की एक शर्त है कि वह शादी के बाद अपना घर नहीं छोड़ेगी। दरअसल, उसके परिवार में छह महिलाएं हैं, जिनकी जिम्मेदारी उसी पर है। ऐसे में प्रेम एक अलग रास्ता चुनता है। वह फैसला करता है कि शादी के बाद वह अपने परिवार के साथ पूर्वा के घर में रहेगा। इस तरह फिल्म में दूल्हे के घर जाने के बजाय दुल्हन के घर बसने की कहानी दिखाई गई है।
एक छत के नीचे दो परिवार, फिर शुरू होगी असली कहानी
फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत कोर्टरूम के दृश्य से होती है, जहां पारिवारिक विवाद की झलक मिलती है। इसके बाद कहानी में दो परिवारों को एक साथ रहने की चुनौतियां दिखाई जाती हैं। टीवी देखने से लेकर खाने की पसंद तक, दोनों परिवारों के बीच कई मुद्दों पर मतभेद होते हैं। हालांकि, इन सबके बीच प्यार और आपसी समझ भी बढ़ती है। फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।


