रांची : बोकारो सेक्टर-4 स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम में आयोजित सेकेंड एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता” का बुधवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर मांडू के लोकप्रिय विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो और सेवानिवृत्त न्यायाधीश एस.के. अग्निहोत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों एवं आयोजनकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि खेल सिर्फ मैदान पर जीतने का नाम नहीं, बल्कि अपने हुनर, हौसले और मेहनत से देश का नाम रोशन करने का जुनून है।” उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है कि देश के विभिन्न हिस्सों से आए होनहार खिलाड़ियों ने बोकारो की धरती पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजन हमारे युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा को निखारने और अपने सपनों को नई उड़ान देने की प्रेरणा देते हैं। झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन देने की है।
श्री महतो ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं तीरंदाजी संघ के पदाधिकारियों को बधाई दी तथा देशभर से प्रतियोगिता में शामिल हुए सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं स्वर्णिम सफलता की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में तीरंदाजी संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


