
नांदेड़: शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख एवं पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ में चाकू से किए गए हमले में घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि जब बादल गुरुद्वारा माता साहिब देवान जी मुगत जा रहे थे, तब एक व्यक्ति ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
एक अधिकारी ने बताया कि हमले के सिलसिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि बादल पर हमला दोपहर लगभग एक बजकर 45 मिनट पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, बादल को इलाज के लिए तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। एक वायरल वीडियो में बादल को एक इमारत के अंदर जाते हुए देखा जा सकता है और उनके दाहिने हाथ पर कपड़ा बंधा हुआ है। इससे पहले दिन में, बादल अकाली दल की सांसद एवं अपनी पत्नी हरसिमरत कौर बादल के साथ नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब गए थे।

