झारखंड

ओरमांझी में मिली युवती की सिर कटी लाश का मामला उलझा, लेकिन पुलिस ने महिला की गायब बेटी को खोज निकाला

रांची: ओरमांझी थाना क्षेत्र के साईं नाथ यूनिवर्सिटी के पीछे जीराबार टोले में मिले युवती की सिरकटी शव बरामदगी मामला सुलझने के बजाय उलझता ही जा रहा है।

बीते मंगलवार को सदर थाना क्षेत्र के चेशायर होम रोड की रहने वाली महिला ने ओरमांझी में मिले सिर कटी शव को अपनी बेटी का बताया था। अब महिला की बेटी जीवित मिल गई है।

वह रांची में ही किराये के घर में छुप कर रह रही थी।

हिरासत में लिए गए प्रेमी ने पूछताछ में मामले का खुलासा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे बरामद कर लिया है।

युवती को फिलहाल महिला थाने में रखा गया है। महिला ने सिर कटी शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की थी।

फिर भी पुष्टि के लिए पुलिस महिला का डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी में थी।

इसके लिए कोर्ट से इजाजत लेने की प्रक्रिया की पूरी की जा रही थी।

इसी बीच पुलिस ने महिला की गायब बेटी के प्रेमी को खोज निकाला। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि जिस लड़की की हत्या की बात कही जा रही है, वह जीवित है।

रांची के एक इलाके में किराये के मकान में रहती है। मामले की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में सदर थाने की महिला पुलिसकर्मियों की एक टीम ने पिस्का मोड़ से लड़की को बरामद कर लिया।

महिला ने साल 2020 के सितंबर महीने में ही अपनी बेटी के गायब होने का मामला सदर थाने में दर्ज कराई थी।

मामला दर्ज कराने के समय महिला ने अज्ञात लड़के पर शक भी जताया था।

महिला ने पुलिस को बताया था कि उसकी नाबालिग बेटी घंटों किसी लड़के से बात किया करती थी।

सितंबर 2020 की दस तारीख को वह अचानक गायब हो गयी थी।

इधर, मंगलवार को महिला ने रिम्स में युवती के शव को देखकर दावा किया कि यह शव उसकी बेटी का है।

उसने बताया कि उसकी बेटी के पैर में भी तिल और जले का निशान था और इस मृत लड़की के भी पैर में काला तिल और जले का निशान है।

रिम्स से महिला ओरमांझी थाना भी पहुंची थी और पुलिस अधिकारियों के सामने बरामद शव को अपनी बेटी होने की जानकारी दी थी।

उल्लेखनीय है कि बीते सोमवार की शाम को मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन प्रोजेक्‍ट भवन से वापस अपने आवास जा रहे थे।

इसी दौरान रांची के किशोरगंज चौक पर महिला व पुरुषों की भीड़ ने सीएम के काफिले को रोकने की कोशिश की और वहां मौजूद गाड़‍ियों में तोड़फोड़ की। बैरिकेडिंग को तहस-नहस कर दिया तथा पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया।

बताया गया कि यह भीड़ ओरमांझी में एक दिन पूर्व मिले एक लड़की के सिर कटे शव को लेकर आक्रोशित था।

Back to top button
Close

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker