तिरुवनंतपुरम : तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 27 अक्टूबर से रियाद और बहरीन के लिए एअर इंडिया एक्सप्रेस की सीधी विमान सेवाएं शुरू होंगी। हवाई अड्डे ने शनिवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि एअर इंडिया एक्सप्रेस 27 अक्टूबर, 2026 से रियाद और बहरीन के लिए सीधी उड़ान सेवाएं शुरू करेगी और इनके लिए टिकट मिलना शुरू हो गया है।

बयान में कहा गया कि रियाद के लिए नई सेवा से तिरुवनंतपुरम और सऊदी अरब की राजधानी के बीच सीधे हवाई संपर्क सेवा की लंबे समय से जारी मांग पूरी होगी और केरल तथा सऊदी अरब के बीच यात्रा करने वालों को अधिक सुविधा मिलेगी। रियाद के लिए उड़ान सेवा सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को संचालित होगी। बहरीन के लिए नयी सेवा सप्ताह में दो दिन बृहस्पतिवार और शनिवार को संचालित होगी।


