बंगाल: तृणमूल सांसद सौगत रॉय के खिलाफ प्रदर्शन, प्रदर्शनकारियों ने कार पर फेंके अंडे

कोलकाता में तृणमूल सांसद सौगत रॉय को थाने के बाहर विरोध का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय को बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने ‘चोर’ कहते हुए नारेबाजी की और गाड़ी पर अंडे फेंके। सौगत (78) निमटा और उत्तर दमदम के कई इलाकों में तृणमूल पार्षदों पर हुए हमलों के खिलाफ एक ज्ञापन सौंपने के लिए निमटा थाने गए थे।

दमदम से सांसद सौगत जब वहां से निकल रहे थे, तो लोगों के एक समूह ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और उनके खिलाफ नारेबाजी की। सांसद की गाड़ी पर अंडे भी फेंके गए। थाने के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों ने स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए हस्तक्षेप किया। रॉय ने दावा किया कि यह विरोध प्रदर्शन राजनीतिक रूप से प्रेरित था और आरोप लगाया कि इस प्रदर्शन के पीछे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं का हाथ था।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “जब मैं थाने से बाहर आ रहा था, तब भाजपा समर्थक वहां जमा हो गए और हंगामा करने लगे। उन्होंने नारे लगाए और मेरी गाड़ी पर अंडे फेंके। इस तरह की राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण है।” भाजपा ने हालांकि इस घटना में शामिल होने से इनकार किया और दावा किया कि स्थानीय लोग तृणमूल शासन के दौरान कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे थे। भाजपा की क्षेत्र इकाई के एक नेता ने कहा, “लोग भ्रष्टाचार से तंग आ चुके हैं और उन्होंने खुद गुस्से में यह प्रदर्शन किया। इसका भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है।”

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।