
Tragic accident in Khunti: खूंटी जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तोरपा स्थित पाण्डुपुंडी फॉल में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रांची के लालपुर इलाके के रहने वाले युवक के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक युवक अपने दोस्तों के साथ खूंटी स्थित फॉल घूमने गया था। सभी लोग वहां प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे थे।
इसी दौरान नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

