
काठमांडू: नेपाल के धाडिंग जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सोमवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसने कई परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। पोखरा से काठमांडू जा रही यात्रियों से भरी बस त्रिशूली नदी में गिर गई। इस हादसे में महिलाओं समेत 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा सोमवार, 23 फरवरी की रात करीब 1 बजे हुआ। घटना पृथ्वी राजमार्ग के अंतर्गत बेनिघाट रोरांग ग्रामीण नगरपालिका-3 के चिनाधारा, चरौंडी इलाके में हुई। यात्रियों से भरी बस पोखरा से काठमांडू की ओर जा रही थी, तभी वह अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में जा गिरी। हादसे में मौके पर ही 18 लोगों की जान चली गई।
बस कैसे नदी में गिरी?
मिली जानकारी के अनुसार, बस पृथ्वी हाईवे पर पोखरा से काठमांडू की ओर बढ़ रही थी। बस में कई यात्री सवार थे, जिनमें कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल थे। अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क से फिसलकर करीब 300 मीटर गहरी ढलान से नीचे नदी में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। नेपाली सेना, आर्म्ड पुलिस फोर्स, नेपाल पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। रात का समय और अंधेरा होने की वजह से बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला गया और उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
27 से ज्यादा लोग घायल
इस दर्दनाक हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 6 महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं। वहीं 27 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें 8 महिलाएं, 18 पुरुष और 1 नाबालिग शामिल है। सभी घायलों का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि मृतकों में न्यूजीलैंड के दो यात्री भी शामिल हैं। इसके अलावा एक जापानी और एक डच महिला यात्री घायल बताई जा रही हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
