त्रिपुरा के युवक से नस्ली दुर्व्यवहार की जांच के लिए दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर को राज्य लाने की मांग

त्रिपुरा के युवक से कथित नस्ली दुर्व्यवहार के मामले में प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने निष्पक्ष जांच के लिए आरोपी कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को राज्य लाने की मांग की।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

अगरतला : टिपरा मोथा पार्टी के संस्थापक प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने बृहस्पतिवार को पुलिस से आग्रह किया कि त्रिपुरा के एक युवक के साथ नस्ली दुर्व्यवहार के आरोपी दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर को निष्पक्ष जांच के लिए राज्य लाया जाए। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कथित तौर पर कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को युवक के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करते हुए देखा जा सकता है। इस घटना की पूर्वोत्तर के विभिन्न हिस्सों में व्यापक निंदा हुई है।

इस विवाद के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य के पुलिस प्रमुख को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया। वहीं, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने कंटेंट क्रिएटर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। त्रिपुरा पुलिस में भी एक शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें शौकीन पर नस्ली उत्पीड़न, साइबर धमकी देने और राज्य के मूल निवासी समुदायों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया गया है।

देबबर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, ‘‘शौकीन ने न केवल राज्य के एक मूल निवासी युवक का अपमान किया है, बल्कि हमारे राज्य के गौरव और सम्मान को भी ठेस पहुंचाई है। हमने यहां कंटेंट क्रिएटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है, इसलिए निष्पक्ष जांच के लिए उसे राज्य लाया जाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सुना है कि उसने वीडियो के लिए माफी मांगी है। उसने जो किया, वह अश्लील है। उसे अपने गलत काम की कीमत चुकानी होगी और हमें ऐसे वीडियो दोबारा बनाए जाने को रोकना होगा।’’ देबबर्मा ने कहा कि उन्होंने पीड़ित से बात की है, जो उत्तर त्रिपुरा के आनंद बाजार क्षेत्र का रहने वाला है। उन्होंने कहा कि यदि वह राज्य लौटना चाहता है, तो उसे हरसंभव मदद दी जाएगी।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।