2 लाख की ब्राउन शुगर के साथ 2 तस्कर धराए, बाइक-नकदी जब्त

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu News: पलामू जिले की पुलिस ने मंगलवार को नशीली ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 21 ग्राम ब्राउन शुगर (मूल्य 2 लाख रुपये) के साथ एक बाइक, मोबाइल फोन और 2,660 रुपये नकद बरामद हुए।

यह कार्रवाई गुप्त सूचना पर की गई, जिसमें दोनों युवक डालटनगंज की ओर नशीले पदार्थ लेकर आ रहे थे।सदर थाना प्रभारी लालजी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अमानत नदी के पास NH-39 पर सिंगराकला गांव में वाहन जांच अभियान चलाया।

सूचना थी कि काले रंग की TVS राइडर बाइक (नंबर: JH03 AP-3034) पर सवार दो संदिग्ध युवक ब्राउन शुगर लेकर डालटनगंज जा रहे हैं।

भागने की कोशिश हुई नाकाम

मोड़ की ओर से तेज रफ्तार में आती संदिग्ध बाइक को देखते ही पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन दोनों युवकों ने भागने की चेष्टा की। टीम की सतर्कता से उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।

डीएसपी राजीव रंजन की मौजूदगी में तलाशी लेने पर ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन, नकदी और बाइक जब्त की गई।पकड़े गए युवकों की पहचान चिन्दु कुमार (23 वर्ष) और अतुल रंजन सिंह (25 वर्ष) के रूप में हुई है।

पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे गढ़वा जिले के राजा नामक व्यक्ति से ब्राउन शुगर खरीदकर डालटनगंज क्षेत्र में बेचते हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर सदर थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मंगलवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Share This Article