
फिल्म ‘चाइना गेट’ (1998) का सुपरहिट गाना ‘छम्मा छम्मा’ आज भी बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय डांस नंबर्स में गिना जाता है। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर शुरुआत में इस गाने को करने के लिए तैयार नहीं थीं। उस समय इंडस्ट्री में आइटम या स्पेशल डांस नंबर को लेकर अलग सोच थी, जिसके कारण वह इसे लेकर असहज थीं।
निर्देशक की समझाइश से बदला फैसला
निर्देशक राजकुमार संतोषी ने उर्मिला से लंबी बातचीत की और उन्हें समझाया कि यह सिर्फ एक सामान्य डांस नंबर नहीं है, बल्कि ऐसा गाना बन सकता है जो वर्षों तक याद रखा जाएगा। उनकी इस बात और विश्वास के बाद उर्मिला ने इस गाने के लिए हामी भर दी और यह निर्णय उनके करियर का एक यादगार मोड़ साबित हुआ।
तीन दिनों में बना आइकॉनिक हिट
‘छम्मा छम्मा’ को अल्का याग्निक ने अपनी आवाज दी, जबकि इसका संगीत अनु मलिक ने राजस्थानी लोक शैली से प्रेरित होकर तैयार किया। गाने की कोरियोग्राफी गणेश आचार्य ने की थी और इसे सिर्फ तीन दिनों में शूट किया गया था। उर्मिला का राजस्थानी अंदाज, कॉस्ट्यूम और एनर्जी ने इसे एक आइकॉनिक डांस नंबर बना दिया, जो आज भी दर्शकों के बीच उतना ही लोकप्रिय है।

