ईरान युद्ध के बीच इराक में अमेरिकी सैन्य विमान KC-135 दुर्घटनाग्रस्त, बचाव अभियान जारी

ईरान के खिलाफ अभियान के दौरान अमेरिका का केसी-135 सैन्य टैंकर विमान इराक में दुर्घटनाग्रस्त, बचाव अभियान जारी; हादसे में हताहतों की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं।

Vinita Choubey
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : ईरान के खिलाफ अभियान में शामिल ईंधन भरने वाला अमेरिका का एक सैन्य विमान इराक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और बचाव प्रयास जारी हैं। ‘यूएस सेंट्रल कमांड’ ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका कि इस हादसे में कोई हताहत हुआ है या नहीं। अमेरिका के एक अधिकारी ने अपनी पहचान गोपनीय रखे जाने की शर्त पर ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हुए केसी-135 विमान में चालक दल के कम से कम पांच सदस्य सवार थे।

सेना ने एक बयान में कहा कि यह दुर्घटना शत्रु की गोलीबारी या अपने किसी पक्ष की गोलीबारी के कारण नहीं हुई। ‘यूएस सेंट्रल कमांड’ ने कहा कि इस घटना में दो विमान शामिल थे और इनमें से एक विमान सुरक्षित उतर गया, जबकि दूसरा पश्चिमी इराक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अमेरिका के एक अन्य अधिकारी ने अपनी पहचान गोपनीय रखे जाने की शर्त पर बताया कि इस घटना में शामिल दूसरा विमान भी केसी-135 टैंकर था। ‘सेंट्रल कमांड’ ने कहा, ”स्थिति स्पष्ट होने पर अधिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। हम विमान में सवार सैन्य सदस्यों के परिवारों से धैर्य बनाए रखने का अनुरोध करते हैं।”

यह ऐसी चौथी विमान दुर्घटना है जिसे ईरान के साथ युद्ध के दौरान अमेरिका ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है। पिछले सप्ताह अमेरिका के तीन लड़ाकू विमान उसके मित्र कुवैत ने भूलवश गिरा दिए थे। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय पेंटागन ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि ईरान युद्ध के दौरान अब तक सात अमेरिकी सैनिक में मारे गए हैं, जबकि लगभग 140 अमेरिकी सैन्यकर्मी घायल हुए हैं जिनमें आठ गंभीर रूप से घायल हैं।

Share This Article