
RIMS Hospital Accident : राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स (RIMS) में बड़ा हादसा सामने आया है। यहां के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में भर्ती एक महिला मरीज अचानक अस्पताल के ऊपरी मंजिल से नीचे गिर गई। घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक यह घटना सोमवार की है। ग्राउंड फ्लोर के कॉरिडोर में मौजूद लोगों ने अचानक एक तेज आवाज सुनी। जब लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक महिला फर्श पर लहूलुहान पड़ी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात सैप और होमगार्ड के जवान तुरंत वहां पहुंचे। इसी बीच महिला का पति और उसका बच्चा भी भागते हुए चौथी मंजिल से नीचे आए। सुरक्षाकर्मियों और परिजनों की मदद से घायल महिला को तुरंत सेंट्रल इमरजेंसी ले जाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे तुरंत क्रिटिकल केयर यूनिट (ICU) में शिफ्ट कर दिया। अस्पताल प्रबंधन और संबंधित पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगे हैं।

