नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है. फिल्म में अभिनेता यश रावण की भूमिका निभाते नजर आएंगे. अब अभिनेता ने अपने किरदार और रामायण की कहानी को लेकर अपनी सोच साझा की है. एक मीडिया पोर्टल को दिए इंटरव्यू में यश ने कहा कि रामायण की खूबसूरती इस बात में है कि इसे अलग-अलग नजरियों से समझा और प्रस्तुत किया जा सकता है.

रावण सिर्फ खलनायक नहीं, विद्वान भी थे
यश ने रावण के व्यक्तित्व के अलग-अलग पहलुओं पर बात की. उनके मुताबिक, रावण एक विद्वान, संगीतकार और महान योद्धा थे. उनके व्यक्तित्व में कई खूबियां थीं, लेकिन उनके फैसलों ने उनके जीवन की दिशा तय की. अभिनेता का मानना है कि रामायण के दोनों प्रमुख पात्रों राम और रावण को अलग-अलग नजरियों से समझा जा सकता है.

राम की कहानी में रावण की भूमिका अहम
यश ने अपनी बात रखते हुए कहा कि राम को दिखाने के लिए रावण जरूरी हैं. उनका मानना है कि किसी भी कहानी में पात्रों के बीच का संघर्ष ही उसे प्रभावशाली बनाता है. राम और रावण के व्यक्तित्व तथा उनके फैसलों के जरिए दर्शकों को कई तरह के विचारों को समझने का मौका मिलता है.
फिल्म के सह-निर्माता भी हैं यश
यश केवल इस फिल्म में अभिनय ही नहीं कर रहे, बल्कि इसके सह-निर्माता भी हैं. उनका मानना है कि ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में मदद कर सकती है. वह चाहते हैं कि भारतीय कहानियां दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचें और वैश्विक दर्शक भारतीय संस्कृति से परिचित हों.
रणबीर कपूर और साई पल्लवी भी आएंगे नजर
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी. पहले भाग में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभाएंगी. वहीं यश रावण के किरदार में दिखाई देंगे. फिल्म की रिलीज डेट 5 नवंबर निर्धारित है. अब दर्शकों को इस भव्य फिल्म में राम और रावण के बीच की कहानी देखने का इंतजार है.


