मुख्यमंत्री आवास में हुआ युवा शतरंज प्रतिभा का सम्मान

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने होनहार युवा शतरंज खिलाड़ी अधिराज मित्रा से शिष्टाचार मुलाकात की। अधिराज मित्रा ने हाल ही में राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप 2025 के अंडर-14 वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया था। यह प्रतियोगिता 7 से 16 नवंबर 2025 तक आयोजित की गई थी, जिसमें स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया।

मुलाकात के दौरान अधिराज ने मुख्यमंत्री को मलेशिया में आयोजित प्रतियोगिता के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतिस्पर्धा में राष्ट्रमंडल देशों के कई शीर्ष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जहां कड़े मुकाबलों के बीच उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

बता दें कि शतरंज खिलाड़ी अधिराज मित्रा जमशेदपुर के निवासी हैं। वे लोयला स्कूल जमशेदपुर में कक्षा आठवीं के छात्र हैं।
कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता को उन्होंने अपने परिवार और कोच के सहयोग का परिणाम बताया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिराज मित्रा को इस बड़ी उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों में खेल के प्रति गजब का जज्बा और प्रतिभा है। राज्य के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड का गौरव बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिराज के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। इस मौके पर कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं।

Share This Article