
Jamtara Cyber Crime : साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रानीटांड़ गांव में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान गालिब अंसारी (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो करमाटांड़ थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव का निवासी बताया गया है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन करता था। वह विशेष रूप से एसबीआई क्रेडिट कार्ड धारकों को निशाना बनाते हुए कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी करने की बात कहता था। इसके बाद वह लोगों को उनके मोबाइल में एक APK फाइल डाउनलोड कराने के लिए प्रेरित करता था।
पुलिस के अनुसार, APK फाइल इंस्टॉल होने के बाद आरोपी मोबाइल की गोपनीय जानकारी और बैंकिंग संबंधी डाटा तक पहुंच बना लेता था, जिसके जरिए साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का नेटवर्क केवल झारखंड तक सीमित नहीं था, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में सक्रिय था। पुलिस अब उसके अन्य सहयोगियों और पूरे साइबर नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 33/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट-2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की तकनीकी जांच कर रही है, जिससे साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

