उरुगुटू पंचायत मुखिया के जाली हस्ताक्षर और मुहर से जमीन सौदे का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

उरुगुटू पंचायत की मुखिया पूजा किस्पोट्टा ने जाली हस्ताक्षर और मुहर से वंशावली बनाकर जमीन सौदे का आरोप लगाया। शिकायत के बाद पुलिस दस्तावेजों की जांच में जुटी है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Fake Signature Case : ठाकुरगांव थाना क्षेत्र स्थित उरुगुटू पंचायत में कथित तौर पर मुखिया के जाली हस्ताक्षर और मुहर के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। पंचायत की मुखिया पूजा किस्पोट्टा ने इस संबंध में उपायुक्त, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी समेत संबंधित विभागों को लिखित शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

मुखिया का आरोप है कि उरुगुटू गांव के तीन लोगों ने उनके फर्जी हस्ताक्षर और मुहर का इस्तेमाल कर गलत वंशावली तैयार की तथा उसके आधार पर जमीन की खरीद-बिक्री की है। मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को आवेदन देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

शिकायत मिलने के बाद ठाकुरगांव थाना पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। जांच के क्रम में पुलिस गांव के दो लोगों को पूछताछ के लिए थाना लेकर आई है और विभिन्न दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

मामले पर ठाकुरगांव थाना प्रभारी शुभम कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की पड़ताल में जुटे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जमीन के दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा हुआ है या नहीं। यह मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में जमीन संबंधी दस्तावेजों की वैधता को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।