रंजन सिन्हा

रांची : भोजपुरी सिनेमा की उपलब्धियों और कलाकारों के योगदान का जश्न मनाने के लिए 11वें सबरंग फिल्म अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन 31 अक्टूबर को मुंबई में होने जा रहा है। यह भव्य समारोह मलाड वेस्ट स्थित अथर्वा इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित होगा। सबरंग फिल्म अवॉर्ड्स के बैनर तले होने वाले इस आयोजन में ताबड़तोड़ परफॉर्मेंस के साथ काम को मिलेगा सम्मान। इस यादगार शाम में होंगे कई सारे आकर्षण, जो दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर देने वाले होंगे।
सबरंग फिल्म अवॉर्ड्स के आयोजक कुलदीप श्रीवास्तव ने इस आयोजन की जानकारी देते हुए कहा कि सबरंग भोजपुरी सिनेमा और उससे जुड़े कलाकारों, तकनीशियनों तथा अन्य प्रतिभाओं के सम्मान का एक प्रतिष्ठित मंच है। उनके अनुसार, भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए यह अवॉर्ड फिल्मफेयर से कम नहीं है। लगातार 11वें वर्ष इसका आयोजन होना इसकी लोकप्रियता और सफलता को दर्शाता है।
भोजपुरी सिनेमा पिछले कुछ वर्षों में अपने दर्शक वर्ग और मनोरंजन के दायरे को लगातार विस्तार दे रहा है। ऐसे में कलाकारों और फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों को सम्मानित करने वाले मंचों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो जाती है। सबरंग फिल्म अवॉर्ड्स इसी उद्देश्य के साथ भोजपुरी सिनेमा की प्रतिभाओं को पहचान देने का प्रयास करता रहा है।
अब सबकी निगाहें 31 अक्टूबर को होने वाले इस समारोह पर टिकी हैं। फिल्मी गलियारों में इस आयोजन को लेकर चर्चा है और दर्शकों को भी समारोह से जुड़ी नई जानकारियों का इंतजार रहेगा। हालांकि, इस वर्ष सम्मानित होने वाले कलाकारों, पुरस्कार श्रेणियों और समारोह में शामिल होने वाली फिल्मी हस्तियों की विस्तृत सूची आयोजकों की ओर से उपलब्ध होने पर ही तस्वीर और स्पष्ट होगी।


