रांची : डोरंडा काली मंदिर रोड स्थित महावीर कॉम्प्लेक्स में गुरुवार को ‘कलाकृति हाट’ का शुभारंभ रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया। इसका उद्देश्य झारखंड के स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को बाजार उपलब्ध कराना तथा पारंपरिक लोककला को नई पहचान दिलाना है।
कलाकृति हाट में सोहराय, कोहबर चित्रकला, हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुओं, कलात्मक परिधानों, बैग और विभिन्न हस्तशिल्प उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। संजय सेठ ने इस पहल को स्थानीय कला के संरक्षण और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने वाला सराहनीय प्रयास बताया।
संस्थापक धनंजय कुमार और रजनी कुमारी ने कहा कि यह पहल कलाकारों के हुनर को सम्मान, पहचान और आजीविका से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स के रजत जयंती वर्ष में शुरू हुई यह पहल कला, संस्कृति और बाजार के बीच संबंध मजबूत करने के साथ झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास करेगी।



