रांची : जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान में चक्रवात ‘अर्नब’ और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से मौसम बदल गया है। लगातार बारिश के कारण शहर की सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है। साकची गोलचक्कर की फुटपाथी दुकानें भी बारिश के कारण नजर नहीं आईं।

मौसम विभाग ने पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 अक्टूबर को भी बारिश और वज्रपात की आशंका है। 31 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। एक नवंबर से मौसम में सुधार की उम्मीद है, जबकि पूरी तरह साफ मौसम के लिए 3 नवंबर तक इंतजार करना पड़ सकता है।


