रांची : नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (NPU) में रात के समय कार्यालय खोलकर काम करने के मामले में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायत मिली थी कि कुलपति दिनेश कुमार सिंह वित्तीय और प्रशासनिक शक्तियां जब्त होने के बाद भी रात में कार्यालय खुलवाकर काम कर रहे हैं। राज्यपाल सचिवालय ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।

दरअसल, विश्वविद्यालय में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों के बाद विशेष ऑडिट कराया गया था। रिपोर्ट में कुलपति की संलिप्तता का उल्लेख होने के बाद उनकी वित्तीय और प्रशासनिक शक्तियां जब्त कर ली गई थीं। उन्हें बर्खास्त करने का प्रस्ताव भी राज्य सरकार को भेजा गया है। इसी बीच कुलपति ने रात में कार्यालय खुलवाकर डॉ. मृत्युंजय कुमार को रजिस्ट्रार नियुक्त करने का आदेश जारी किया था। अब उच्च शिक्षा विभाग ने रजिस्ट्रार की वैकल्पिक नियुक्ति से जुड़ा आदेश वापस ले लिया है।


