रांची: झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ की विशेष पहल पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने चुटुपालू घाटी और चरही घाटी के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) के सुधार और निवारण के लिए 239.40 करोड़ की बहुप्रतीक्षित परियोजना को अपनी स्वीकृति दे दी है। इस महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पत्र लिखकर संजय सेठ को दी है।

5.99 किलोमीटर मार्ग का होगा कायाकल्प

स्वीकृत योजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (नया NH-20) के चुटुपालू घाटी और चरही घाटी खंड में कुल 5.99 किलोमीटर लंबी सड़क का सुधार किया जाएगा। इसके साथ ही इन दुर्गम और जोखिम भरे घाटी क्षेत्रों में आधुनिक सुरक्षा उपकरण व उपाय लागू किए जाएंगे, जिससे ब्लैक स्पॉट्स को खत्म कर यात्रियों के लिए आवागमन को पूरी तरह से सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।
केंद्रीय नेतृत्व का जताया आभार
इस परियोजना की मंजूरी पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि चुटुपालू और चरही घाटी लंबे समय से दुर्घटनाओं के लिहाज से बेहद संवेदनशील (डेन्जर जोन) रहे हैं। इन क्षेत्रों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता थी, जिसके लिए उन्होंने सड़क परिवहन मंत्रालय से लगातार पत्राचार और समन्वय किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश भर में विश्वस्तरीय अवसंरचना निर्माण के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का पूरे झारखंड की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।


