रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 का आयोजन आगामी 1 नवंबर को राज्यभर के 986 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इस परीक्षा का आयोजन दो अलग-अलग पालियों में किया जा रहा है, जिसमें कक्षा एक से पांचवीं तक के लिए पहली पाली और कक्षा छह से आठवीं के शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए दूसरी पाली में परीक्षा ली जाएगी।

जैक द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी, जिसके लिए परीक्षार्थियों को केंद्र में सुबह 7:30 बजे से 9 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। सुबह 9 बजे के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी, जिसके लिए प्रवेश का समय दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक तय किया गया है।
परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और सभी केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। परीक्षा भवन में मोबाइल फोन समेत किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी के साथ आधार कार्ड या वोटर आईडी जैसा कोई मूल वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य किया गया है।
प्रवेश पत्र डाउनलोड करने अथवा परीक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए जैक ने हेल्पलाइन नंबर 0651-6453344, टोल-फ्री नंबर 1800-345-6523 तथा आधिकारिक ईमेल आईडी secretary.jac2003@gmail.com जारी की है। जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम समय की आपाधापी से बचने के लिए समय से पहले केंद्र पहुंचें और परीक्षा संबंधी सभी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें।


