चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर: फसल के नुकसान का होगा सर्वे, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी डीसी को दिया ये निर्देश

चक्रवाती तूफान अर्नब के खतरे के बीच झारखंड सरकार अलर्ट है। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने फसल नुकसान का सर्वे और अस्पतालों में आपात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित खतरे, भारी बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए झारखंड सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। खासकर किसानों की धान की फसल को पहुंचे नुकसान को लेकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने राज्य के सभी उपायुक्तों को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से गांव-गांव जाकर स्थलीय सर्वेक्षण कराने और वास्तविक नुकसान का आकलन करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

मंत्री ने कहा कि किसानों की सालभर की मेहनत पर प्राकृतिक आपदा की मार पड़ना उनके परिवार की आजीविका पर सीधा प्रहार है। सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी प्रभावित किसान को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जामताड़ा समेत राज्य के सभी जिलों में प्रशासनिक टीमें खेतों का निरीक्षण कर पारदर्शी तरीके से नुकसान का आकलन करें, ताकि हर पात्र किसान को नियमानुसार उचित मुआवजा मिल सके। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आपदा से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। मंत्री ने सभी सिविल सर्जनों को सदर, अनुमंडलीय और सामुदायिक अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सभी सरकारी अस्पतालों में कम से कम 10 अतिरिक्त बेड, जीवनरक्षक दवाइयां, ऑक्सीजन, एंबुलेंस और चिकित्सा उपकरण तैयार रखने को कहा गया है, ताकि वज्रपात, सर्पदंश या अन्य वर्षाजनित बीमारियों से तुरंत निपटा जा सके।

इसके अलावा निचले इलाकों, जलजमाव वाले क्षेत्रों और नदी-नालों के पास विशेष निगरानी रखने, जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय बनाकर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री खुद पूरे हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और उन्होंने जिला प्रशासन से लगातार रिपोर्ट लेकर राज्य मुख्यालय को अवगत कराने को कहा है।

Share This Article