रांची: खेलगांव के बिरसा मुण्डा एथलेटिक्स स्टेडियम में 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। इस उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए झारखण्ड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि तीरंदाजी एकाग्रता, धैर्य और सटीकता का खेल है और यही गुण एक प्रभावी पुलिस सेवा का भी आधार हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने झारखण्ड को तीरंदाजी की भूमि बताते हुए कहा कि यहां के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने केंद्र सरकार की खेलो इंडिया जैसी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि इनसे देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है। आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि बदलते वक्त के साथ अपराधों का स्वरूप भी बदला है, जिससे निपटने के लिए पुलिस बलों को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों का उपयोग करना चाहिए। इस दौरान उन्होंने नागरिकों को साइबर ठगी, विशेषकर संदिग्ध APK फाइलों और फर्जी ट्रैफिक चालानों से सावधान रहने की अपील करते हुए तकनीकी दक्षता के साथ जन-जागरूकता को जरूरी बताया। राज्यपाल ने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए खेल बहुत महत्वपूर्ण हैं और पुलिस तथा जनता के बीच आपसी विश्वास ही एक बेहतर कानून-व्यवस्था की असली ताकत है।


