रांची के खेलगांव में कुश्ती चैंपियनशिप में 800 से ज्यादा पहलवान दिखा रहे अपना दम

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची के खेलगांव में 15 से 17 दिसंबर तक कुश्ती का रोमांच दिखेगा। देशभर के अंडर-15 (जूनियर वर्ग) पहलवान दमखम दिखायेंगे।

दंगल का दांव-पेच मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के गणपत राय इंडोर स्टेडियम में दिखेगा। इसमें झारखंड के 30 पहलवानों का एक दल भी शामिल हो रहा है।

इस दंगल में शामिल होने के लिए देश भर के खिलाड़ी रांची पहुंच चुके हैं। झारखंड कुश्ती संघ की तैयारी पूरी हो चुकी है। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह करेंगे।

अंडर-15 नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में देशभर के 870 पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। इनमें उत्तरप्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, तमिलनाडु आदि राज्यों के प्रतिभागी शामिल हैं।

बालक वर्ग में ग्रीको रोमन व फ्री-स्टाइल इवेंट और बालिका वर्ग में सिर्फ फ्री-स्टाइल इवेंट में पहलवान शामिल होंगे।

झारखंड कुश्ती संघ के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने बताया कि रांची में पहली बार नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप हो रही है। इसमें 174 कोच भी शामिल होंगे।

तीन दिनों तक होने वाली इस प्रतियोगिता में 120 पदक दांव पर होंगे। इनमें 30 स्वर्ण, 30 रजत और 60 कांस्य पदक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि झारखंड के पहलवानों की तैयारी अच्छी चल रही है।

झारखंड कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार ने बताया कि सभी तकनीकी पदाधिकारी भी पहुंच चुके हैं। पहले दिन खिलाड़ियों के वजन की जांच होगी।

इसके बाद इवेंट शुरू होगा। यह नेशनल चैंपियनशिप झारखंड के 15 महिला और 15 पुरुष पहलवानों के लिए बेहतर मौका है। उनके पास एशियन चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई करने का मौका होगा।

यहां स्टेडियम में तीन मैट लगाये गये हैं। एक साथ तीन बाउट देखने को मिलेगा। एक मैट पर ग्रीको रोमन, दूसरे पर फ्री-स्टाइल और तीसरे पर भी फ्री-स्टाइल (महिला वर्ग) के बाउट होंगे।

इस प्रतियोगिता में 10 वजन वर्ग के पहलवान विपक्षी पहलवानों को पटखनी देने के लिए मैट पर उतरेंगे। बालक वर्ग के फ्री-स्टाइल और ग्रीको रोमन में 38, 41, 44, 48, 52, 57, 62, 68, 75 और 85 किलोग्राम और बालिकाओं में 33, 36, 39, 42, 46, 50, 54, 58, 62 और 66 किलोग्राम वर्ग में प्रतियोगिता हाेगी।

Share This Article