
रांची : राजधानी रांची के पुंदाग में चुनावी रंजिश पर बवाल हो गया। इलाही नगर में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दरअसल निकाय चुनाव का रिजल्ट आते ही मोहम्मद इमरान और मोहम्मद तहसीन के सपोर्टर्स के बीच झड़प हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सपोर्टर्स अपनी जीत का जश्न मनाकर घर लौट रहे थे, तभी हारने वाले कैंडिडेट के सपोर्टर्स ने हमला कर दिया। मामले को लेकर आरोप लगाया गया है कि गुस्साए सपोर्टर्स ने जीतने वाले सपोर्टर्स के साथ मारपीट की, इतना ही नहीं उनकी गाड़ी पर भी हमला किया। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कई लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई है। फिलहाल पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है।

