कस्तूरबा नगर मामला: पीड़िता को 10 लाख की सहायता राशि देने का मुख्यमंत्री केजरीवाल ने किया एलान

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: शाहदरा जिले के कस्तूरबा नगर में 20 साल की युवती के साथ हुई हैवानियत मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को पीड़िता को 10 लाख की सहायता राशि देने का एलान किया है।

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि “मैंने इस बेटी की मदद के लिए 10 लाख सहायता राशि देने का निर्णय किया है।

दिल्ली सरकार इस बेटी को न्याय दिलवाने के लिए हर संभव कोशिश करेगी। हम उसके लिए अच्छा वकील नियुक्त कर रहे हैं साथ ही उक्त मामले को फास्ट ट्रैक भी करेंगे ताकि जल्द से जल्द बेटी को न्याय मिल सके।”

उल्लेखनीय है कि उक्त घटना में झूठ और अफवाह फैलाने के मामले में पुलिस ने सोमवार को जांच के बाद दो ट्विटर हैंडल व एक यू-ट्यूबर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

दोनों ट्विटर हैंडल के जरिये आरोपितों ने पीड़िता के ‘आत्महत्या’ करने और घटना को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया।

वहीं मोजो नाम से यू-ट्यूब चलाने वाले मदनलाल नामक शख्स पर पीड़िता और उसके परिवार की पहचान उजागर करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

डीसीपी आर.सत्यसुंदरम ने बताया कि पुलिस जल्द ही इनको बुलाकर इनसे पूछताछ करेगी। तीनों ही मामले विवेक विहार थाने में दर्ज किए गए हैं।

डीसीपी के अनुसा, पहला मामला sukhpreet slatch नामक ट्विटर हैंडल के खिलाफ किया गया।

आरोपित ने अपने ट्वीट में पीड़िता के सुसाइड करने का जिक्र किया है। ट्वीट में कहा गया कि पीड़िता ने जब 14 साल के लड़के से दोस्ती नहीं की तो लड़के ने सुसाइड कर लिया।

इसलिए उसके परिवार ने लड़की को निशाना बनाया। जिसके बाद उसने सुसाइड कर लिया। दूसरा मामला ‘star’ नाम से ट्विटर हैंडल चलाने वाले शख्स के खिलाफ किया गया है।

ट्वीट में दावा किया गया है कि एक धर्म विशेष की महिला को दूसरे धर्म के लोगों ने निशाना बनाया। उसका सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद लगभग मरी हुई हालत में छोड़ दिया गया।

पुलिस ने उसे अस्पताल भी भर्ती नहीं करवाया। इस ट्वीट में एक धर्म के लोगों को इस घटना के लिए जिम्मेदार बताया गया था। जांच के बाद इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

वहीं तीसरा मामला एक खबर का यू-ट्यूब चैनल चलाने वाले मदन लाल नामक शख्य के खिलाफ किया गया है।

आरोप है कि मदन लाल ने अपने वीडियो में जानबूझकर पीड़िता की पहचान को आम लोगों के सामने लाया।

वीडियो में वह पीड़ित परिवार के लोगों को दिखाने के अलावा उनके व पीड़िता के नाम को दिखा रहा है। इसको भी गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मदन लाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Share This Article