तिरुमला बालाजी मंदिर में भगदड़, तीन श्रद्धालु घायल

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

अमरावती (आंध्र प्रदेश): तिरुमाला बालाजी मंदिर में मंगलवार को दर्शन के लिए टिकट (टोकन) लेने के दौरान मची भगदड़ में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कई लोग बेहोशी की हालत में मिले। सभी को स्थानीय रूया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोरोना प्रतिबंध समाप्त होने के बाद दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु तिरुमाला पहुंच रहे हैं। मंदिर प्रशासन सभी को ऑनलाइन टिकट जारी करता है।

मंगलवार को तिरुपति स्थित क्यू कॉम्प्लेक्स में हजारों श्रद्धालु टिकट के लिए घंटों इंतजार करते रहे।

तीर्थयात्री रोजाना तिरुमाला पहुंच रहे हैं

टिकट न मिलने से गुस्साए श्रद्धालुओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद भगदड़ मच गई। पुलिस का कहना है कि अब स्थिति नियंत्रण में है।

तिरुमाला बालाजी मंदिर प्रशासन ने इस घटना के बाद ऑनलाइन टोकन जारी करने के नियम को रद्द कर दिया है।

श्रद्धालुओं को अब सर्व दर्शन के लिए टिकट की जरूरत नहीं होगी। साथ ही अगले पांच दिन वीआईपी दर्शन की व्यवस्था पर प्रतिबंध रहेगा।

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं को तिरुपति से तिरुमला पहुंचाने की निशुल्क व्यवस्था की है।

उल्लेखनीय है कि कोरोना के दौरान तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम प्रशासन ने दर्शनार्थियों के लिए ऑनलाइन टिकट अनिवार्य किया था।

सर्व दर्शन के लिए मंदिर प्रशासन कोटा जारी कर वेबसाइट पर सूचित करता था। रोजाना करीब 20-30 हजार लोग दर्शन कर पाते थे। अब 70 हजार से अधिक तीर्थयात्री रोजाना तिरुमाला पहुंच रहे हैं।

Share This Article