रांची में 11 जून को कांग्रेस की अनुसूचित जाति विभाग की अहम बैठक, दलित सशक्तिकरण पर होगी चर्चा

News Aroma
2 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand News: रांची के गीतांजलि बैंक्वेट हॉल, मोरहाबादी में 11 जून 2025 को प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अनुसूचित जाति विभाग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बैठक में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू, सह-प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद, अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि यह बैठक दलित समुदाय के जीवन, अनुभवों, संघर्षों और उनकी समस्याओं को समझने का एक मंच होगी। इसका उद्देश्य दलितों की आवाज को बुलंद कर उन्हें आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना है।

उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में अधिकांश समय सत्ता में रही भाजपा ने अनुसूचित जाति समुदाय को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया और उनके कल्याण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए।

मंत्री ने मांग की कि नए विधानसभा भवन और हाईकोर्ट परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की जाए। साथ ही, अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए रांची में जल्द से जल्द छात्रावास का निर्माण हो, ताकि दूर-दराज के जिलों से आने वाले युवक-युवतियां बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष केदार पासवान, सोशल मीडिया चेयरमैन गजेंद्र सिंह, सह-कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा और प्रवक्ता जगदीश साहू भी मौजूद थे।

Share This Article