जमशेदपुर में बारिश का कहर, स्वर्णरेखा-खरकई नदियां उफान पर, एयरपोर्ट का छज्जा ढहा

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur Weather Alert!: जमशेदपुर में लगातार मूसलधार बारिश ने शहर की रफ्तार को थाम लिया है। स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है, जिसके चलते तटीय और निचले इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। गुरुवार को सोनारी स्थित जमशेदपुर एयरपोर्ट के एक पुराने हिस्से का छज्जा ढहने से अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सौभाग्यवश इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

मंगलवार से हो रही भारी बारिश ने जमशेदपुर को जलमग्न कर दिया है। शहर की दोनों प्रमुख नदियां-स्वर्णरेखा और खरकई-उफान पर हैं, जिससे बस्तियों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

जमशेदपुर एयरपोर्ट पर हादसा!

इसी बीच गुरुवार को जमशेदपुर एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया। एयरपोर्ट के पुराने हिस्से का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। घटना के समय आसपास कुछ लोग मौजूद थे, लेकिन किसी के हताहत न होने से राहत मिली।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की और ढांचे की जांच शुरू कर दी। टाटा स्टील UISL (पूर्व में जुस्को) की टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और संरचनात्मक सुरक्षा का आकलन शुरू किया।

पुराने ढांचों पर सवाल

स्थानीय लोगों ने एयरपोर्ट की पुरानी संरचनाओं की खराब स्थिति पर चिंता जताई। इससे पहले भी एयरपोर्ट की चाहरदीवारी ढह चुकी है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे। निवासियों का कहना है कि समय रहते पुराने ढांचों की मरम्मत और रखरखाव नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

Share This Article