जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को पत्र लिखकर लोटस रेसीडेंसी के निर्माण की वैधता की जांच करने तथा उसमें जल-मल निकासी की व्यवस्था नहीं होने की बात कही है।
पत्र में सरयू राय ने लिखा है कि लोटस रेजीडेंसी को मानगो नगर निगम में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने अपने नामांकन दस्तावेज में अपना निवास बताया है। जानकारी है कि यह लोटस रेसीडेंसी बहुमंजिला इमारत अवैध रूप से बनायी गयी है। इसका नक्शा पास नहीं है तथा इससे निकलने वाला जल-मल कहाँ जाएगा, इसकी भी व्यवस्था नहीं है। फिर भी इसका अवैध निर्माण नगर निगम ने रोका नहीं।

पत्र के अनुसार, सुमन मेमोरियल ट्रस्ट के मधुकर जी की जमीन पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के चचेरे साले चंदन मित्तल ने इस लोटस रेसीडेंसी को बनाया है। इस भवन में बन्ना गुप्ता की कितनी हिस्सेदारी है, यह नहीं मालूम, परंतु आस-पास के लोग इस भवन को उनका ही भवन मानते हैं। इस लोटस रेसीडेंसी के समीपवर्ती मकानों रहने वाले लोगों ने इसके बारे में मानगो नगर निगम के पास कई बार शिकायतें की हैं, धरना प्रदर्शन भी किया है। लोटस रेसीडेंसी से निकलने वाला सीवरेज का गंदा पानी परिसर से होते हुए सामने खाली पड़ी जमीन पर जाता है और वहाँ से पसर कर बीएसएनएल के सेवानिवृत अधिकारी चन्द्रशेखर सिंह के घर में हमेशा घुसते रहता है। बरसात में तो वहां नरक की स्थिति बन जाती है। आश्चर्य है कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में नगर निगम के अधिकारियों की पूरी जानकारी में लोटस रेसीडेंसी के नाम से एक आलीशान भवन बना हुआ है, जिसमें सीवरेज ट्रीटमेंट की कोई व्यवस्था नहीं है और वहाँ से निकलने वाला मल-मूत्र युक्त पानी मोहल्ले में पसर जाता है जो पड़ोसी नागरिकों की परेशानी का कारण बनता है।
श्री राय ने लिखा कि यह जांच का विषय है कि स्थानीय नागरिकों के बार बार शिकायत करने के बाद भी इस अवैध भवन पर नगर निगम ने कोई कारवाई क्यों नहीं की और वहां से निकलने वाले जल-मल के निकासी की कोई व्यवस्था क्यों नहीं कराया? क्या मानगो नगर निगम ने इस कारण से इस भवन पर कोई कारवाई नहीं किया है कि पिछले पाँच वर्ष तक बन्ना गुप्ता राज्य सरकार में मंत्री रहे हैं और इसमें उन्होंने अपनी पत्नी और मानगो मेयर चुनाव के प्रत्याशी श्रीमती सुधा गुप्ता का आवास बनाया है? श्री राय ने उप नगर आयुक्त से लोटस रेसीडेंसी की वैधता की जाँच कराने का आग्रह किया है।




