
अफगानिस्तान क्रिकेट इतिहास में पहली बार श्रीलंका की मेजबानी करेने जा रहा है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने घोषणा की है कि यह द्विपक्षीय सीरीज 13 से 25 मार्च के बीच संयुक्त अरब अमीरात में खेली जाएगी। इस दौरे में दोनों टीमों के बीच तीन T20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे मुकाबले, यानी कुल छह मैच आयोजित होंगे। सीरीज के T20 मुकाबले 13, 15 और 17 मार्च को, जबकि वनडे मैच 20, 22 और 25 मार्च को खेले जाएंगे।
13,15 और 17 मार्च को मैच शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में और ODI सीरीज के मैच 20, 22 और 25 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने स्पष्ट किया कि यह दोनों देशों के बीच दूसरी द्विपक्षीय T20 सीरीज होगी। इससे पहले फरवरी 2024 में दोनों टीमें T20 सीरीज में आमने-सामने आ चुकी हैं, जबकि वनडे फॉर्मेट में 2022, 2023 और 2024 में द्विपक्षीय सीरीज खेली जा चुकी हैं।
ACB के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नसीब खान ने कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर दोनों क्रिकेट बोर्डों के संबंधों को और मजबूत करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि हालिया प्रदर्शन को देखते हुए श्रीलंका कड़ी टक्कर देगा और दर्शकों को उच्च स्तरीय मुकाबले देखने को मिलेंगे। वहीं, श्रीलंका क्रिकेट के सीईओ एशले डी सिल्वा ने इस दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अफगानिस्तान की मेजबानी में खेलना उनकी टीम के लिए विशेष अनुभव होगा और भविष्य की तैयारियों में मददगार साबित होगा।
बता दे कि यह सीरीज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर के दो बड़े आयोजनों के बीच हो रही है। पुरुष T20 विश्व कप के समाप्त होते ही कुछ दिनों बाद यह सीरीज शुरू हो जाएगी। वनडे सीरीज 25 मार्च को समाप्त होगी और अगले ही दिन 26 मार्च से इंडियन प्रीमियर लीग और पाकिस्तान सुपर लीग शुरू होंगी। ऐसे में कई खिलाड़ी सीधे फ्रेंचाइजी लीग से जुड़ेंगे। अफगानिस्तान के राशिद खान और नूर अहमद, जबकि श्रीलंका के दासुन शनाका और कुसल परेरा जैसे प्रमुख खिलाड़ी इन लीगों में हिस्सा लेने के लिए रवाना होंगे।
