नागोया: भारत की इनुंगनबी ताखेल्लामबाम ने बृहस्पतिवार को एशियाई खेलों की महिला 70 किग्रा जूडो स्पर्धा में रेपेचेज मुकाबला जीतकर कांस्य पदक के मुकाबले में जगह बनाई जबकि यामिनी मौर्य का महिला 57 किग्रा वर्ग में रेपेचेज मुकाबले में हार के साथ अभियान समाप्त हो गया ताखेल्लामबाम ने शुरुआत में नेपाल की पूनम श्रेष्ठा को इप्पोन से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। हालांकि क्वार्टर फाइनल में उन्हें उत्तर कोरिया की सॉन्ग हुई मुन ने इप्पोन से हरा दिया।

सॉन्ग के फाइनल में पहुंचने के बाद ताखेल्लामबाम को रेपेचेज के जरिए पदक मुकाबले में आगे बढ़ने का मौका मिला। भारतीय खिलाड़ी को रेपेचेज दौर में चीन की जिंग तांग से भिड़ना था। हालांकि मुकाबले से पहले चीनी खिलाड़ी को अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसके परिणामस्वरूप ताखेल्लामबाम को फुसेन गाची के जरिए वॉकओवर जीत मिली। ताखेल्लामबाम बृहस्पतिवार को ही कांस्य पदक के लिए मंगोलिया की अनु उरान उल्जीई से भिड़ेंगी। इससे पहले यामिनी ने कतर की फतेना बु काहूस को इप्पोन से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि उन्हें मंगोलिया की आरियुंजाया तेर्बिश के खिलाफ युको से हार का सामना करना पड़ा।
इसके बाद यामिनी रेपेचेज मुकाबले में जापान की मियो शिराकाने के खिलाफ इप्पोन से हार गईं जिससे उनका अभियान समाप्त हो गया। जूडो में इप्पोन ऐसी तकनीक है जिसमें खिलाड़ी अपने प्रतिद्वंद्वी को काफी ताकत और गति के साथ मैट पर इस तरह गिराता है कि उसकी पीठ जमीन से लगे। वहीं युको प्रभावी थ्रो या होल्डडाउन के लिए दिया जाने वाला मध्यम स्तर का स्कोर है। फुसेन गाची का अर्थ मुकाबला शुरू होने से पहले प्रतिद्वंद्वी के हटने या डिफॉल्ट करने के कारण जीत से है। यह जूडो में रेफरी द्वारा दिया जाने वाला निर्णय या स्कोरिंग शब्द है।


