रिम्स के मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. डी. के. झा हुए सेवानिवृत्त

रिम्स रांची के मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. डी. के. झा सेवानिवृत्त हुए, विदाई समारोह में संस्थान के अधिकारियों और चिकित्सकों ने उनके लंबे योगदान और सेवाओं को याद किया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रिम्स रांची के मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. डी. के. झा अपनी लंबी और सराहनीय सेवाओं के बाद सेवानिवृत्त हो गए हैं। इस अवसर पर रिम्स प्रबंधन और मेडिसिन विभाग की ओर से उनके सम्मान में एक विदाई समारोह का आयोजन कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों, चिकित्सकों, शिक्षकों, रेजिडेंट डॉक्टरों और कर्मचारियों ने भाग लिया और प्रो. डॉ. झा के योगदान को याद करते हुए अपने अनुभव साझा किए।

समारोह को संबोधित करते हुए रिम्स के निदेशक प्रो. डॉ. डी. के. सिन्हा ने शुभकामनाएं दीं और कहा कि किसी प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान में लंबे समय तक निष्ठापूर्वक सेवा देना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने चिकित्सा सेवा, पठन-पाठन और विभागीय जिम्मेदारियों में डॉ. झा की भूमिका की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और सक्रिय जीवन की कामना की। वहीं, डीन प्रो. डॉ. राजीव मिश्रा ने कहा कि समर्पित शिक्षकों और चिकित्सकों से ही किसी संस्थान की पहचान बनती है। डॉ. झा ने न केवल मरीजों की सेवा की, बल्कि युवा डॉक्टरों का मार्गदर्शन करने में भी अहम भूमिका निभाई। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हीरेंद्र बिरुआ ने भी उनके कुशल नेतृत्व और कार्यशैली की तारीफ करते हुए आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

डॉ. डी. के. झा इस दौरान काफी भावुक नजर आए। उन्होंने रिम्स प्रबंधन, सहकर्मियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रिम्स में कार्य करना उनके करियर का सबसे महत्वपूर्ण और यादगार हिस्सा रहा है। उन्होंने यहां मिले सहयोग और स्नेह के लिए सभी का धन्यवाद किया और संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में रिम्स प्रबंधन एवं मेडिसिन विभाग की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।