विकास का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे : मंजूनाथ भजंत्री

रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने ग्रामीण विकास, भूमि विवादों के समाधान, कुपोषण रोकने और आदिवासी जमीन की सुरक्षा पर जोर दिया। हड़िया में हानिकारक केमिकल के इस्तेमाल पर सख्ती होगी।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा है कि विकास का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीणों की उसमें सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो। वे मंगलवार को रांची सर्किट हाउस में स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम में बोल रहे थे। श्री भजंत्री ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं का सही क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण जनजीवन को बेहतर बनाना, आजीविका के अवसर बढ़ाना तथा सामाजिक-आर्थिक असमानताओं को कम करना है। इसके लिए प्रशासनिक तंत्र को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करनी चाहिए तथा लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी सहज रूप से पहुंचानी चाहिए।

उन्होंने गांवों में चल रहे भूमि विवादों के शीघ्र और न्यायसंगत समाधान पर भी जोर दिया। डीसी ने कहा कि भूमि संबंधी विवाद न केवल व्यक्तिगत स्तर पर परेशानी पैदा करते हैं, बल्कि सामूहिक विकास कार्यों में भी बाधा डालते हैं। इसलिए प्रशासन भूमि अभिलेखों की शुद्धता, पारदर्शी प्रक्रिया और समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने हड़िया में केमिकल के प्रयोग पर रोक लगाने की आवश्यकता पर विशेष ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि ऐसे हानिकारक रसायनों का अनियंत्रित उपयोग पर्यावरण, जनस्वास्थ्य और कृषि उत्पादकता के लिए गंभीर खतरा है। प्रशासन इस दिशा में जागरूकता अभियान चलाएगा तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कुपोषण की समस्या को सामाजिक चुनौती बताते हुए उपायुक्त ने कहा कि समाज में किसी भी व्यक्ति, विशेषकर बच्चों और गर्भवती महिलाओं को कुपोषण का शिकार नहीं होना चाहिए। पोषण संबंधी सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन, आंगनवाड़ी केंद्रों की सक्रियता और समुदाय स्तर पर जागरूकता से इस समस्या का समाधान संभव है।
आदिवासी भूमि संरक्षण को भी उन्होंने प्राथमिकता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदायों की पारंपरिक भूमि का संरक्षण न केवल उनके अधिकारों की रक्षा है, बल्कि सांस्कृतिक विरासत और स्थायी विकास का भी आधार है। इस दिशा में कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची कुमार रजत, अपर समाहर्ता रांची रामनारायण सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) रांची धनंजय तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।यह कार्यक्रम स्थापना दिवस पखवाड़े की कड़ी में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक संस्थाओं तथा ग्राम व्यवस्था के संरक्षकों को सम्मानित कर राज्य की सामाजिक एकता और गौरव को बढ़ावा देना है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।