रांची : झारखंड में अगले सप्ताह प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में विभागीय प्रोन्नति समिति (DPC) की बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में राज्य के कई भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों को पदोन्नति देने के प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। बैठक में अलग-अलग बैच के IAS अधिकारियों की पदोन्नति से जुड़े मामलों पर चर्चा होगी। इसमें उन अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा, जिन्होंने निर्धारित सेवा अवधि और प्रमोशन के लिए जरूरी शर्तें पूरी कर ली हैं।

बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा मुख्य सचिव और कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग के सचिव के शामिल होने की संभावना है। बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों के गोपनीय चरित्र प्रतिवेदन (ACR), सेवा रिकॉर्ड, कार्य प्रदर्शन और सतर्कता से जुड़ी रिपोर्टों की समीक्षा की जाएगी। निर्धारित नियमों और मानकों को पूरा करने वाले अधिकारियों के प्रमोशन पर फैसला लिया जा सकता है। DPC की बैठक में मंजूरी मिलने के बाद राज्य के कई वरिष्ठ और कनिष्ठ IAS अधिकारियों को पदोन्नति मिल सकती है। इसके बाद कार्मिक विभाग की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी की जा सकती है। इस पदोन्नति प्रक्रिया से राज्य के विभिन्न विभागों में उच्च पदों पर अधिकारियों की तैनाती का रास्ता साफ हो सकता है। अब सभी की नजरें अगले सप्ताह होने वाली DPC की बैठक पर टिकी हैं।



