जमशेदपुर: शहर में रसोई गैस की आपूर्ति पर मजदूर आंदोलन का असर दिखने लगा है। गम्हरिया स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के इंडेन बॉटलिंग प्लांट में लगातार तीसरे दिन गैस सिलेंडरों की बॉटलिंग ठप है। छंटनी और शिफ्ट कटौती के विरोध में प्लांट के मजदूरों का आंदोलन जारी रहा। उत्पादन बंद रहने से जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में गैस आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ने लगा है। जमशेदपुर में प्रतिदिन करीब 9 हजार इंडेन सिलेंडरों की खपत होती है। गम्हरिया प्लांट से रोजाना लगभग 30 ट्रक सिलेंडर विभिन्न गैस एजेंसियों तक भेजे जाते हैं। लगातार तीन दिनों से बॉटलिंग बंद रहने के कारण एजेंसियों के सामने स्टॉक बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। स्थिति लंबी खिंचने पर घरेलू उपभोक्ताओं को सिलेंडर की डिलीवरी के लिए अतिरिक्त इंतजार करना पड़ सकता है। आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए इंडेन प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की है। जमशेदपुर में गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए बोकारो और पश्चिम बंगाल के खड़गपुर स्थित बॉटलिंग प्लांट से सिलेंडर मंगाए जा रहे हैं।

प्रबंधन के अनुसार, बाहरी प्लांट से सिलेंडर मंगाकर आपूर्ति सामान्य रखने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, बॉटलिंग बंद रहने के कारण एक से दो दिनों का बैकलॉग बनने की आशंका है। गम्हरिया इंडेन प्लांट के गेट पर सोमवार को भी मजदूरों का जमावड़ा रहा। कामगारों ने प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छंटनी और शिफ्ट कटौती के फैसले का विरोध किया। मजदूरों का आरोप है कि दो पालियों को बंद कर जनरल शिफ्ट में काम कराने के फैसले से श्रमिकों की छंटनी की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि शिफ्ट कटौती के नाम पर मजदूरों की छंटनी स्वीकार नहीं की जाएगी l मजदूरों के आंदोलन को झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने भी समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि दो पालियों को बंद कर जनरल शिफ्ट के नाम पर मजदूरों की छंटनी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं, प्रबंधन का कहना है कि फिलहाल गैस की मांग कम होने के कारण जनरल शिफ्ट में काम कराया जा रहा है। मजदूरों के साथ बातचीत जारी है और उम्मीद है कि अगले एक-दो दिनों में वार्ता के जरिये गतिरोध समाप्त हो सकता है। शहर में प्रतिदिन करीब 9 हजार सिलेंडरों की खपत के बीच गम्हरिया प्लांट का बंद रहना आपूर्ति व्यवस्था के लिए अहम चुनौती बन गया है। फिलहाल बोकारो और खड़गपुर से सिलेंडर मंगाकर स्थिति संभालने की कोशिश की जा रही है। यदि मजदूरों का आंदोलन लंबा खिंचता है, तो वैकल्पिक आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ सकता है और गैस डिलीवरी में देरी की आशंका है। अब सबकी निगाहें मजदूरों और प्रबंधन के बीच होने वाली वार्ता पर टिकी हैं।


