धान के खेत में घुसी कार, लाखों के गहनों के साथ व्यापारी सुरक्षित

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की गहिरिया पंचायत स्थित छोटा सीरसि गांव के पास गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सालडांटिया गांव निवासी स्वर्ण व्यवसायी शैलेन्द्र राणा की कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे धान के खेत में जा घुसी। कार में करीब 8 से 9 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण रखे थे, लेकिन गनीमत रही कि न तो व्यवसायी को गंभीर चोट आई और न ही गहनों को कोई नुकसान हुआ।

मिदनापुर से लौटते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, शैलेन्द्र राणा पश्चिम बंगाल के मिदनापुर से अपनी दुकान के लिए सोना खरीदकर लौट रहे थे। छोटा सीरसि गांव के पास पहुंचते ही कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खेत में उतर गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार ज्यादा नहीं थी, वरना नुकसान और बड़ा हो सकता था।

कार को पहुंचा नुकसान, चालक सुरक्षित

हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि व्यवसायी पूरी तरह सुरक्षित रहे। उन्होंने बताया कि घटना अचानक हुई और संभलने का मौका नहीं मिला।

सूचना पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में कार को खेत से बाहर निकाला गया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला वाहन के अनियंत्रित होने का लग रहा है। फिर भी दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Share This Article