
Hafizul Hasan : झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन विभाग मंत्री हफीजुल हसन ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से मुलाकात की। इस दौरान झारखंड के विकास, अल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं और सामाजिक उत्थान से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में राज्य में अल्पसंख्यक समुदाय के लिए संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सामाजिक समरसता को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जनहितकारी “अबुआ सरकार” की योजनाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाने पर भी चर्चा हुई।
मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के साथ हुई यह मुलाकात झारखंड के विकास, सामाजिक सौहार्द और अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण की दिशा में सकारात्मक कदम साबित होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र और राज्य के समन्वय से योजनाओं का लाभ अधिक लोगों तक पहुंचेगा।
इस मौके पर झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष प्राणेश सालोमन भी मौजूद रहे।

