
Muzaffarpur News : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना मुशहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ इलाके की है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने घात लगाकर कारोबारी प्रभात मिश्रा को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान प्रहलादपुर निवासी 30 वर्षीय प्रभात मिश्रा के रूप में हुई है, जो जमीन खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़े थे। जानकारी के अनुसार, प्रभात किसी काम से रोहुआ पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनके मुंह को निशाना बनाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने गंभीर रूप से घायल प्रभात मिश्रा को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। बाद में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अपराधियों ने करीब पांच राउंड फायरिंग की थी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जमीन विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

