
चतरा : चतरा में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिहार के गयाजी जिले के डुमरिया से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जा रही एक स्लीपर बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई। यह हादसा चतरा-डोभी मुख्य मार्ग पर मोरैंवा टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर पहले एनएच-22 पर हुआ। बताया जा रहा है कि बस का अगला टायर अचानक फट गया, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस काफी तेज रफ्तार में चल रही थी। बस में सवार यात्री अनुज कुमार ने बताया कि जैसे ही बस घाटी क्षेत्र में पहुंची, सामने का टायर जोरदार आवाज के साथ फट गया। टायर ब्लास्ट होते ही बस डगमगाई और सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में करीब 12 यात्री घायल हो गए। कई यात्रियों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, राहत की बात यह है कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को चतरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक यात्री को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों की पहचान जहानाबाद निवासी राकेश कुमार, गयाजी के वजीरगंज निवासी रंधीर कुमार, डुमरिया के संजीत कुमार, चतरा के सुजीत कुमार, बगरा के कमलेश कुमार और जोरी के अमृत कुमार के रूप में हुई है।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों ने भी मदद का हाथ बढ़ाया और एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। जानकारी के मुताबिक, यह बस रोजाना दोपहर करीब 1:30 बजे डुमरिया से रायपुर के लिए रवाना होती है। बस रानीगंज, शेरघाटी, डोभी और चतरा होते हुए अपने तय रूट पर चलती है। हादसे के समय भी बस उसी निर्धारित मार्ग पर थी। चतरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि पलटी हुई बस को क्रेन की मदद से सीधा किया जा रहा है, ताकि सड़क पर यातायात सामान्य हो सके। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
